दीपावली से पहले हवाई किराए में भारी उछाल, 30,999 रुपये तक पहुंचा टिकट

रांची : दीपावली से पहले झारखंड आने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्योहार के दौरान विमानों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में तीन से छह गुना तक बढ़ गया है। मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद और नई दिल्ली से रांची आने वाली उड़ानों के टिकट महंगे हो गए हैं। 8 नवंबर को दीपावली से एक दिन पहले 7 नवंबर को बेंगलुरु से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया 30,999 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, मुंबई से रांची का किराया 26,693 रुपये बताया गया है। महानगरों से रांची आने वाली सीधी उड़ानों में सीटें फुल होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


7 नवंबर के लिए उपलब्ध किराए की सूची के अनुसार, मुंबई से रांची का टिकट 26,692 रुपये है, जबकि सामान्य दिनों में यह 8,779 रुपये रहता है। बेंगलुरु से रांची का किराया 8,609 रुपये के मुकाबले 30,999 रुपये, दिल्ली से 7,213 रुपये के मुकाबले 20,968 रुपये और हैदराबाद से 7,249 रुपये के मुकाबले 19,692 रुपये हो गया है। इसी तरह चेन्नई से रांची का किराया 7,249 रुपये से बढ़कर 16,733 रुपये और अहमदाबाद से 7,507 रुपये से बढ़कर 21,734 रुपये पहुंच गया है। कोलकाता से रांची का किराया सामान्य दिनों के 4,215 रुपये के मुकाबले 5,685 रुपये है।
दूसरी ओर, दक्षिण भारत से झारखंड आने वाली ट्रेनों की संख्या सीमित होने और अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में हवाई यात्रा का विकल्प चुनने वालों को भी महंगे टिकट और सीटों की कमी से जूझना पड़ रहा है। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच रांची पहुंचने वाली उड़ानों का किराया अधिक है, जबकि रात की उड़ानों में मामूली राहत मिल रही है। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या और सीमित उड़ानों के कारण हवाई किराए में बढ़ोतरी हुई है।


