ससुराल वालों से बदला लेने के लिए दो बच्चों की हत्या का आरोप, मां गिरफ्तार

गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले में एक महिला पर अपने आठ साल के बेटे और रिश्तेदार के 11 साल के बच्चे की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राखी कुमारी ने दोनों बच्चों को कुएं में धकेल दिया था। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने बदला लेने के लिए यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला को उसके मायके से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राखी कुमारी 19 अक्टूबर को अपने पति विक्रम सिंह, बेटे अरब कुमार और रिश्तेदार के बच्चे आयुष कुमार के साथ दुर्गा पूजा का मेला देखने दुमका गई थी। इसी दौरान महिला और दोनों बच्चे लापता हो गए। दुमका नगर थाना प्रभारी प्रियंका आनंद ने बताया कि पाकुड़ जिले के निवासी विक्रम सिंह ने अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को राखी पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कथित तौर पर हत्या की बात सामने आई।
पोडियाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित के अनुसार, दोनों बच्चों के शव महिला के मायके वाले गांव के एक कुएं से बरामद किए गए। दुमका नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान राखी ने दोनों बच्चों को मायके ले जाकर कुएं में धकेलने की बात स्वीकार की। महिला का दावा है कि पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। इसी कारण उसने उनसे बदला लेने के लिए दोनों बच्चों की हत्या की। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।


