जर्जर ऑफिसर्स डॉरमेट्री को तोड़ने का काम शुरू, अन्य भवनों को भी नोटिस जारी

बेरमो : बोकारो थर्मल में जर्मन हॉस्पिटल के समीप स्थित डीवीसी के एक नंबर ओडी (ऑफिसर्स डॉरमेट्री) को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीवीसी प्रबंधन के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों और इंजीनियरों के लिए बनाई गई इस डॉरमेट्री की हालत लंबे समय से जर्जर थी। भवन की खराब स्थिति के कारण इसमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ था।


संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए डीवीसी प्रबंधन ने पहले डॉरमेट्री में अवैध रूप से रह रहे लोगों से आवास खाली कराया। इसके बाद भवन को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रबंधन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अन्य जर्जर भवनों को भी ध्वस्त करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत निशन हाट स्थित एचएमडी कॉलोनी और एचएमटी कॉलोनी के अलावा सिक्स यूनिट में स्थित सीआईएसएफ की चार और पांच नंबर डॉरमेट्री को तोड़ने के लिए भी नोटिस जारी किए गए हैं। डीवीसी प्रबंधन की ओर से इन जर्जर संरचनाओं को जल्द ही ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


