रांची के 20 प्रमुख चौराहों पर बन रहे आधुनिक पुलिस पोस्ट, 4 से 10 लाख रुपये तक आएगी लागत

रांची : शहर के प्रमुख और व्यस्त चौक-चौराहों पर पुलिस की हर समय मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए 20 आधुनिक और सुविधायुक्त पुलिस पोस्ट बनाए जा रहे हैं। इनमें सिरमटोली चौक, करमटोली चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, हरमू रोड स्थित अरगोड़ा चौक और गाड़ीखाना समेत अन्य स्थान शामिल हैं। जरूरत के अनुसार अलग-अलग आकार में बन रहे प्रत्येक पोस्ट पर लगभग 4 से 10 लाख रुपये तक की लागत आयी है। इनका निर्माण कंपनियों के सीएसआर फंड से कराया जा रहा है।


नई व्यवस्था से दिन-रात सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को तेज धूप, बारिश और ठंड में खुले आसमान के नीचे हर दिन 12 घंटे तक ड्यूटी करने से राहत मिलेगी। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी और विधि-व्यवस्था को लेकर चौकसी बढ़ेगी।
यातायात पुलिस के एसपी राकेश सिंह ने कहा कि इस पहल से पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में सुधार होगा और विपरीत मौसम व परिस्थितियों में भी वे अधिक मुस्तैदी से सेवाएं दे सकेंगे। व्यवस्था में पारदर्शिता और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पोस्ट के सामने बड़े आकार के पारदर्शी शीशे लगाए जा रहे हैं।


