जेएसएससी सीजीएल कथित गड़बड़ी मामले में एक और गिरफ्तारी, 500 से अधिक सफल अभ्यर्थी रडार पर

बोकारो : जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने एजेंट मिथिलेश पांडेय को गिरफ्तार किया है। उस पर अपने संपर्क के जरिए कई परीक्षार्थियों की सेटिंग कराने और अभ्यर्थियों को धनबाद व बोकारो में प्रश्नोत्तर रटवाने का आरोप है। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


मिथिलेश पांडेय का नाम बोकारो के दुग्धा से गिरफ्तार रितेश सिंह, दीपक कुमार सिंह, उमेश राय समेत अन्य आरोपियों के बयान में सामने आया था। वह आईसीएन के निदेशक मिथिलेश सिंह से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा बताया गया है। मामले में एक दिन पहले ही सीआईडी ने बोकारो से रितेश को भी गिरफ्तार किया था।
सीआईडी की एसआईटी ने अब तक 500 से अधिक सफल अभ्यर्थियों को जांच के दायरे में लिया है और इनमें से लगभग सभी से पूछताछ की जा चुकी है। रितेश सिंह की गिरफ्तारी के बाद 30 नए सफल अभ्यर्थियों के नाम भी सामने आये हैं। सीआईडी अब इन अभ्यर्थियों से पूछताछ के लिए समन जारी करने की तैयारी कर रही है।


