स्प्लिट सिलेबस अपलोड नहीं करने पर पांच सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का वेतन रोका

धनबाद : स्प्लिट सिलेबस की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर नहीं करने के मामले में धनबाद के पांच सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का वेतन और मानदेय स्थगित कर दिया गया है। झारखंड शिक्षा परियोजना, धनबाद के डीइओ-सह-डीपीओ ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और वार्डन को लंबित प्रविष्टि जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है।


विभागीय पत्र के अनुसार, राज्य परियोजना निदेशक और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से स्प्लिट सिलेबस की ऑनलाइन प्रविष्टि के लिए दिशा-निर्देश और यूजर मैनुअल उपलब्ध कराया गया था। इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रविष्टि नहीं की गई। विभाग ने इसे निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही और कार्य के प्रति शिथिलता मानते हुए कार्रवाई की है। प्रभावित विद्यालयों में राजकीय बुनियादी उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, पारसबनियां, बलियापुर; संस्कृत उच्च विद्यालय, धनबाद; गांधी स्मारक उच्च विद्यालय, सिजुआ; झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, धनबाद; और मजदूर उच्च विद्यालय, सिंदरी, झरिया शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, 27 अक्तूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक प्राप्त ऑनलाइन प्रतिवेदन में इन विद्यालयों का स्प्लिट सिलेबस गुरुजी ऐप पर अपलोड नहीं पाया गया। इसी आधार पर अगले आदेश तक और कार्य पूरा होने तक शिक्षकों का वेतन व मानदेय स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसइ), जिला कोषागार पदाधिकारी और संबंधित विभाग को भी भेजी गई है।


