केबल कंपनी गेट पर बवाल, सुरक्षाकर्मियों की पिटाई से मचा हड़कंप



जमशेदपुर : इंकैब इंडस्ट्रीज (केबल कंपनी) के अधिग्रहण को लेकर कर्मचारियों का 26 साल पुराना आक्रोश बुधवार को उग्र विरोध में बदल गया। गोलमुरी स्थित कंपनी के मुख्य गेट पर सैकड़ों कर्मचारी और उनके आश्रित पहुंचे, जहां सुरक्षाकर्मियों को खदेड़कर पीटे जाने का मामला सामने आया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने गेट को करीब तीन घंटे तक बंद रखा। पुलिस और सिटी डीएसपी संजीव कुमार के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

बताया गया कि राहुल सिंह तोमर, पप्पू यादव, राधे साह और अमित कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी कंपनी गेट पहुंचे थे। कर्मचारियों का गुस्सा मंगलवार को बैंक खातों में बिना पूर्व सूचना के क्लेम राशि भेजे जाने और बुधवार को केबुल टाउन परिसर में कर्मचारी अजय कुमार के अस्थायी कार गैरेज (शेड) तोड़े जाने के बाद बढ़ गया। कर्मचारी अधिग्रहण और सेटलमेंट प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं।


