युवकों का आतंक, घर में घुसकर तोड़फोड़ और राहगीरों से मारपीट से दहशत

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा गायत्री नगर में बुधवार रात कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने राहगीरों के साथ मारपीट की और मुन्ना सिंह के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान महिलाओं के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी भी की गई, जिससे इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद परसुडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने थाना पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार राहरगोड़ा के आयुष बच्चा, विवेक समेत करीब 10 से 15 युवकों पर उत्पात मचाने का आरोप है। इस दौरान किरायेदार की मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया और रास्ते में दो युवकों के साथ मारपीट की गई। घटना में जय कामत, हरिओम कुमार और मुन्ना सिंह की बेटी को चोट लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


