छिपादोहर-हेहेगड़ा रेलवे स्टेशन विस्थापन पर राष्ट्रपति भवन का बड़ा कदम, ग्रामीणों में जगी उम्मीद






छिपादोहर-हेहेगड़ा :छिपादोहर-हेहेगड़ा रेलवे स्टेशन के संभावित विस्थापन से जुड़े मामले को राष्ट्रपति कार्यालय ने संज्ञान में लेते हुए याचिका के तौर पर स्वीकार किया है। ग्रामीणों की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर राष्ट्रपति कार्यालय के अवर सचिव लक्ष्मी महर भूषणम ने संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई। भारत सरकार के सचिव ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र भेजा है। राष्ट्रपति भवन ने संबंधित अधिकारियों को याचिका पर की गई कार्रवाई की जानकारी सीधे आवेदक डॉ चंदन कुमार गुप्ता को देने का निर्देश दिया है।


मामले को लेकर राष्ट्रपति कार्यालय ने याचिकाकर्ता डॉ चंदन कुमार गुप्ता को भी पत्र भेजा है। इसमें आगे की जानकारी के लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय, नई दिल्ली से सीधे संपर्क करने को कहा गया है। राष्ट्रपति भवन के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय ग्रामीणों में संभावित स्टेशन विस्थापन के मुद्दे के समाधान को लेकर उम्मीद बढ़ी है। इससे पहले ग्रामीणों और स्थानीय जनहित से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने भी संभावित रेलवे स्टेशन विस्थापन का मामला संसद में उठाया था।


