सावन की सोमवारी पर मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 12 घायल






लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोक धाम मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भीड़ बढ़ने के बाद बैरिकेडिंग टूट गई। कुछ लोगों का कहना है कि इससे पहले बिजली का खंभा गिरा, जिससे अफरा-तफरी फैल गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।


हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एक साथ दो ट्रेनें पहुंचने से अचानक भीड़ बढ़ गई थी। उनके अनुसार बाईं ओर की बैरिकेडिंग टूटने से कई महिलाएं गिर गईं। उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी और फिलहाल स्थिति सामान्य है।घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन भगदड़ के कारणों की जांच कर रहे हैं। मृतकों की पहचान और घायलों का पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है।


