अब AC इलेक्ट्रिक बसों से ड्यूटी जाएंगे टाटा मोटर्स कर्मचारी, 7 बसों से शुरू हुई ग्रीन ट्रांसपोर्ट सेवा






जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कर्मचारियों के लिए नई और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा शुरू की है। अब कर्मचारी सामान्य बसों की जगह आधुनिक इलेक्ट्रिक एसी बसों से ड्यूटी पर आना-जाना करेंगे। टाटा मोटर्स जमशेदपुर के प्लांट हेड अनुराग छारिया और महामंत्री आरके सिंह ने टेल्को स्थित सुभंत मूलगांवकर स्टेडियम से सात अत्याधुनिक EV AC बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

बसों की शुरुआत के बाद अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने स्वयं इनमें यात्रा कर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। शून्य उत्सर्जन वाली इन वातानुकूलित बसों से कर्मचारियों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। अब तक कर्मचारी ड्यूटी आने-जाने के लिए सेंट्रल ट्रांसपोर्ट की सामान्य बसों पर निर्भर थे, जिनकी जगह चरणबद्ध रूप से नई इलेक्ट्रिक बसें लेंगी।
पहले चरण में इन सात बसों का परिचालन टेल्को कॉलोनी के अलग-अलग सेक्टरों और आंतरिक मार्गों पर किया जाएगा। कंपनी प्रबंधन की योजना आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार शहर के अन्य प्रमुख मार्गों तक करने की है। इससे कर्मचारियों की यात्रा सुविधा बेहतर होने के साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट को भी बढ़ावा मिलेगा।


