सिंदरी टाउन स्टेशन पहुंचे ECR के GM, यात्री सुविधाएं बेहतर करने का भरोसा; ट्रैक-सिग्नलिंग का भी लिया जायजा

धनबाद : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने धनबाद-रखितपुर-सिंदरी टाउन रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था और रेल पुलों की स्थिति का जायजा लिया। ट्रैक के रख-रखाव पर संतोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। सिंदरी टाउन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर करने का भरोसा भी दिया गया।


निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने न्यू सेल कोलियरी, तसरा और सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) प्लांट का भी दौरा किया। तसरा और HURL के अधिकारियों के साथ बैठक में रेलवे से जुड़े लॉजिस्टिक्स, माल ढुलाई की सुविधाओं और भविष्य की औद्योगिक जरूरतों पर चर्चा की गई।
दौरे के अंतिम चरण में छत्रसाल सिंह ने धनबाद स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें धनबाद मंडल की कार्य प्रगति, यात्री सुविधाओं, राजस्व और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान डीआरएम अखिलेश मिश्र समेत जोनल मुख्यालय और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


