झारखंड के सभी 595 मंडलों में हेमंत सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा

रांची : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को हेमंत सरकार के खिलाफ राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। सुकुरहट्टू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रस्ताव पेश किया, जिसका अनुमोदन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी और मंजू कुमारी ने किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पारित प्रस्ताव में भाजपा ने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, वादाखिलाफी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। पार्टी ने राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का ऐलान किया। बैठक को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अब प्रत्येक तीन महीने में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की संवैधानिक परंपराओं के अनुरूप नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए। रांची में करीब तीन वर्षों के अंतराल के बाद यह बैठक हुई। इससे पहले 23-24 जनवरी 2023 को देवघर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई थी। समापन सत्र में सौदान सिंह ने झारखंड के विकास की गति पर चिंता जताते हुए कार्यकर्ताओं से गांव से शहर तक जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन करने का आह्वान किया। वहीं, पवन साय ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, प्रमंडल स्तर पर विशेष प्रभारियों की नियुक्ति करने और उन्हें कम से कम सात दिनों का प्रवास करने का निर्देश दिया।
बैठक में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती, 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ और 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ भव्य तरीके से मनाने की तैयारी करने को कहा गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जिला अध्यक्षों से स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी के अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर आने वाले समय में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।


