SIR की सफलता पर बोले मुख्य चुनाव आयुक्त, Gen Z वोटर्स से करेंगे संवाद; 400 से ज्यादा संस्थानों के छात्र होंगे शामिल






पटना : भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का देशभर में सबसे सफल आयोजन बिहार से शुरू हुआ था। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत आजादी के बाद राज्य में सबसे अधिक रहा और अमेरिका, फ्रांस, इंग्लैंड, जापान तथा स्पेन के आम चुनावों के मतदान प्रतिशत से भी ज्यादा था। अपने दौरे के दौरान वह सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी जाकर बूथ लेवल अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे।


मुख्य चुनाव आयुक्त 17 अगस्त को Electoral Literacy Clubs 2.0 यानी ELC 2.0 की शुरुआत करेंगे। इसके तहत युवाओं, खासकर Gen Z और पहली बार मतदान करने वाले विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया में ज्यादा भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। बीएलओ के साथ होने वाली बैठकों में जमीनी चुनौतियों, फील्ड अनुभवों और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के सुझावों पर चर्चा होगी।
17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन में ELC 2.0 और ECINET को लेकर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से हजारों विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम में शिक्षक, विश्वविद्यालयों के कुलपति, कॉलेज और स्कूलों के प्राचार्य तथा विभिन्न संस्थानों के प्रमुख भी भाग लेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाना और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों को बेहतर तरीके से समझना है।


