चाईबासा में 48 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, घूमने निकला था संजीव

चाईबासा :मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुलसाई में 48 वर्षीय युवक संजीव कुमार शर्मा उर्फ सोना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह जमशेदपुर के बिरसानगर जोन-3 का रहने वाला था। गुरुवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर जमशेदपुर लौट गए। परिजनों के अनुसार, संजीव एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और 11 अगस्त को किसी काम से चाईबासा आया था। वह केएनआर नामक रेस्टोरेंट में ठहरा था। 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह घूमने के लिए बाहर निकला था। महुलसाई के पास अचानक चक्कर आने से वह सड़क पर गिर गया। स्थानीय महिला ने उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


परिजन गुरुवार को चाईबासा पहुंचे और बताया कि संजीव को दिल की बीमारी थी तथा उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि जिस रेस्टोरेंट में संजीव ठहरा था, वहां उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


