दो दिन नहीं थमेगी बारिश, भारी वर्षा का अलर्ट; सुवर्णरेखा-खरकई के जलस्तर पर प्रशासन की नजर






जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में अगले 48 घंटे बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब सक्रिय है और अगले 24 घंटे में इसके झारखंड तथा बिहार की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसके प्रभाव से मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी सिंहभूम के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है।

बीते 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में राज्य में सबसे अधिक 90.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुसाबनी में 68.6 मिमी, गुड़ाबांधा में 49.2 मिमी, बहरागोड़ा में 44.6 मिमी और घाटशिला में 30.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। सोमवार दोपहर जमशेदपुर में भी तेज बारिश हुई। लगातार वर्षा के कारण सुवर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। दोनों नदियों में पहले की तुलना में कुछ कमी आई है, लेकिन अगले दो दिनों में भारी बारिश से जलस्तर दोबारा बढ़ सकता है।
सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश से उमस में राहत मिली है, लेकिन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


