1140 घरों में नहीं पहुंचा पानी, सुबह-शाम ठप रही सप्लाई; 1.80 करोड़ की योजना पर उठे सवाल






जमशेदपुर : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस में फुटवॉल्व खराब होने से सोमवार सुबह और शाम जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही। इससे 1140 क्वार्टरों में रहने वाले हजारों लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के अनुसार महज पांच दिन पहले ही फुटवॉल्व की मरम्मत कर पंप चालू कराया गया था, लेकिन सोमवार को फिर खराबी आ गई। पंप चालू नहीं होने के कारण मंगलवार सुबह भी जलापूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है। मामले की जानकारी विभाग के जेई आशुतोष कुमार और एसडीओ जितेंद्र कुमार को दे दी गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के लिए बिष्टुपुर में करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से फिल्टर पंप हाउस बनाया गया है, लेकिन लगातार तकनीकी खराबी के कारण नियमित और शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने निर्माण और रखरखाव की निगरानी पर सवाल उठाते हुए विभाग और संवेदक के प्रति नाराजगी जताई है।
पंचायत समिति सदस्य ने बताया कि मंगलवार को उपायुक्त राजीव रंजन से मिलकर मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसमें फिल्टर पंप हाउस और पूरी जलापूर्ति योजना की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने तथा संवेदक की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।


