आजादी के 80 साल बाद गांव तक पहुंचेगी पक्की सड़क, 3.20 करोड़ से होगा निर्माण; शिलान्यास पूरा

पोटका : गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक 3.30 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जाएगा। करीब 3.20 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। ग्रामीणों को आजादी के करीब 80 साल बाद इस इलाके में पक्की सड़क की सुविधा मिलने जा रही है।

अब तक गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा तक कच्चा रास्ता था, जबकि जोजोगोड़ा के आगे कई इलाकों में सड़क तक नहीं थी। चार पहिया वाहनों और एंबुलेंस का पहुंचना मुश्किल था। बच्चों को स्कूल जाने और ग्रामीणों को बाजार व अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती थी। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती थी। वन क्षेत्र होने के कारण सड़क निर्माण की प्रक्रिया में लंबे समय से प्रशासनिक और विभागीय अड़चनें भी आ रही थीं।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में माझी बाबा गौर पुराण, राजा राम मार्डी, सुनील महतो, चंद्रावती महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


