घर में घुसकर बड़े भाई की गला रेतकर हत्या, छोटे भाई ने भागकर बचाई जान

मुसाबनी : कोड़ाशोल गांव के भुल्लूघुटू टोला में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर 48 वर्षीय अशोक गिरि की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान उनके छोटे भाई तपन गिरि पर भी हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन वह घायल अवस्था में अंधेरे का फायदा उठाकर घर से भाग निकले और दूसरी जगह छिपकर अपनी जान बचाई। सोमवार शाम घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अशोक गिरि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।


अशोक गिरि और तपन गिरि दोनों अविवाहित थे और भुल्लूघुटू चौक के पास अपने घर में साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार अपराधियों ने सोए हुए अशोक गिरि पर हमला किया और इसके बाद तपन को भी निशाना बनाने की कोशिश की। तपन किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर पुलिस को सूचना देने में सफल रहे। सूचना मिलते ही एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के छोटे भाई और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और संभावित जमीन विवाद के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।


