दुर्गापूजा में अश्लील गीत-संगीत और नृत्य पर प्रशासन सख्त, पूजा समितियों को जारी हुआ आदेश

Advertisements

जमशेदपुर:- दुर्गापूजा 2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कार्यालय की विधि-व्यवस्था शाखा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दुर्गापूजा के दौरान आयोजित होने वाले भक्ति जागरण, नवरात्रि डांडिया नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार के अश्लील गीत, अश्लील पोशाक या अश्लील नृत्य का आयोजन नहीं किया जाएगा। आदेश का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

जारी आदेश के अनुसार इस वर्ष दुर्गापूजा का त्योहार 11 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर 2026 को प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। दुर्गापूजा के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भक्ति जागरण, नवरात्रि डांडिया नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।

प्रशासन ने पूर्वी सिंहभूम जिले की सभी दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पूजा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की अश्लीलता न हो। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे कार्यक्रमों से शांति व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए पूजा समितियां कार्यक्रमों के आयोजन में विशेष सावधानी बरतें।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि दुर्गापूजा हमारी सांस्कृतिक एवं पारंपरिक धरोहर है और इसे सम्मान एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित है। जिला प्रशासन ने पूजा समितियों से दुर्गापूजा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में पूर्ण सहयोग की अपील की है।

See also  सिंहभूम चैंबर ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की, अधिकारियों को दी बधाई

आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, सभी थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यदि उनके क्षेत्र में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, तो विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए कृत कार्रवाई से प्रशासन को अवगत कराना सुनिश्चित करें।

About The Author

You may have missed