चार शहरों में दौड़ेंगी 400 इलेक्ट्रिक बसें, हर शहर को मिलेंगी 100; केंद्र से राशि मांगेगी सरकार

रांची : झारखंड सरकार ने रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में कुल 400 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना तैयार की है। प्रस्ताव के अनुसार चारों शहरों को 100-100 ई-बसें मिलेंगी। इनमें स्टैंडर्ड, मिडी और मिनी श्रेणी की बसें शामिल हो सकती हैं। इन बसों की खरीद केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत करने की तैयारी है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।


ई-बसों का संचालन शुरू करने से पहले चारों शहरों में जरूरी आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। इसके तहत चार्जिंग स्टेशन, बस संचालन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं तैयार की जाएंगी। यात्रियों की जरूरत और संभावित रूट के आधार पर बसों के परिचालन की योजना बनाई जाएगी। केंद्र से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद खरीद और संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरी सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा और लोगों को बेहतर तथा सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। सार्वजनिक परिवहन बेहतर होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और सड़कों पर वाहनों का दबाव घटाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।


