दुर्गापूजा की भीड़ को लेकर रेलवे अलर्ट, स्टेशन पर आरपीएसएफ तैनात और आपात सेवाओं की व्यवस्था

जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार से लेकर प्लेटफॉर्म तक निगरानी बढ़ा दी गई है। चोरी, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी सादे कपड़ों में स्टेशन परिसर और ट्रेनों में गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा डॉग स्क्वॉयड की मदद से स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में औचक जांच की जा रही है।


यात्रियों और रेलकर्मियों को आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए टाटानगर स्टेशन के पोर्टिको में गुरुवार शाम से एंबुलेंस और शुक्रवार से फायर ब्रिगेड की एक दमकल तैनात की गई है। डीआरएम के निर्देश पर रेलवे के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को पत्र लिखा था। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति या अन्य आपदा में त्वरित सहायता सुनिश्चित करना है।
वहीं, पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी टीम बनाकर स्टेशन पर ड्यूटी करेंगे। यात्रियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में चलंत शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।


