14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तारी के बाद हथियार सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

जमशेदपुर : सोनारी में 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार गोलू सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस शहर में हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, गोलू सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने ये कारतूस न्यू ग्वाला बस्ती निवासी पिंटू यादव उर्फ भैंसा से खरीदे थे। उसे ये कारतूस सोनारी के राजा खटाल के पास रहने वाले सी. बच्चा तक पहुंचाने थे।


गोलू सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने पिंटू यादव और सी. बच्चा को भी प्राथमिकी में नामजद किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि पिंटू तक कारतूस कौन पहुंचाता था, सी. बच्चा के संपर्क किन लोगों से थे और इन कारतूसों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को सोनारी पुलिस ने जोगर्स पार्क से मरीन ड्राइव जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान गोलू सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 14 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


