जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन की जमीन पर सरकार से आवंटित और संचालित चार शराब दुकानों को हटाने के लिए रेलवे प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के निर्देश पर रेलवे संपत्ति विभाग ने सभी चार दुकान संचालकों को बेदखली का नोटिस जारी किया है। नोटिस के बाद स्टेशन रोड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। दुकानदारों को 15 दिनों के भीतर जमीन पूरी तरह खाली करने का निर्देश दिया गया है। समयसीमा में दुकानें नहीं हटने पर रेलवे की इंजीनियरिंग शाखा और आरपीएफ की संयुक्त टीम बुलडोजर से अतिक्रमण हटाएगी। कार्रवाई या किसी नुकसान का खर्च और जिम्मेदारी दुकान संचालकों की होगी।
Advertisements

Advertisements

तीन शराब दुकानें लाइसेंस प्राप्त होने के बावजूद अतिक्रमित जमीन पर चल रही हैं, जबकि चौथी दुकान जुगसलाई प्रदीप मिश्रा चौक के पास आवंटित जमीन पर है। रेलवे नियमों के अनुसार स्टेशन की सीमा और रेलवे की जमीन पर शराब दुकान या बार संचालित नहीं किया जा सकता। रेलवे ने इस संबंध में उपायुक्त को पत्र भेजकर दुकानों के लाइसेंस रद्द करने या उन्हें किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। शराब दुकानों के आसपास शाम को असामाजिक तत्वों की भीड़ और ट्रैफिक की समस्या से यात्रियों, खासकर महिलाओं, को परेशानी होती थी। नोटिस के बाद दुकानदार अतिरिक्त समय और राहत की मांग के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों से संपर्क की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा और सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के मामले में कोई ढील नहीं दी जाएगी।