छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी की एंट्री, CM हेमंत सोरेन से कहा- प्रतिनिधियों से खुद मिलें






रांची : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। 14 अगस्त को लिखे पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि इससे छात्रों की बाकी मांगों के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध को लोकतंत्र का अहम हिस्सा बताते हुए छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।


राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड सरकार ने छात्रों के साथ बातचीत शुरू की है और मुख्यमंत्री की ओर से एक समिति भी गठित की गई है। कई मांगों पर सहमति बनने के बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि युवाओं के साथ एकजुटता और समर्थन दिखाना जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सीधे सुनने और बाकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की अपील की। राहुल गांधी के अनुसार मुख्यमंत्री यदि खुद छात्र प्रतिनिधियों से मिलते हैं, तो सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद मजबूत होगा और लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर भरोसा बढ़ेगा।


