राधास्वामी संगठन पर करोड़ों की ठगी का आरोप, चार गिरफ्तार, ईडी जांच की तैयारी में

गिरिडीह : लोन दिलाने और उसकी किस्त चुकाने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े के मामले में राधास्वामी संगठन के खिलाफ पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब तक एक दर्जन से अधिक पीड़ितों के बयान दर्ज किये जा चुके हैं। पचंबा समेत जिले के कई थानों में संगठन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार सिन्हा, जिलाध्यक्ष अनीशा सिन्हा, उनके भाई सुमित सिन्हा और विजिलेंस ऑफिसर सुबोध कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी संगठन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। आरोप है कि संगठन ने झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लाखों लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपये की उगाही की। लाभुकों को सामान, बाइक, कार और घर के लिए लोन दिलाने तथा किस्त की राशि देने का भरोसा दिया गया। शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान किया गया, लेकिन बाद में राशि मिलनी बंद हो गयी। कर्मचारियों का मानदेय भी रोक दिया गया और गिरिडीह कार्यालय में ताला लगा दिया गया।
पुलिस जांच में नकद लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आयी है। सूत्रों के अनुसार, संगठन के कार्यालय में नकद राशि लेकर विभिन्न बैंक खातों में जमा करायी जाती थी। नोट गिनने के लिए मशीन भी रखी गयी थी। संगठन से जुड़ी कंपनियों के अलावा मुकेश सिन्हा के खाते में भी रकम जमा होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने बैंक से जमा पर्चियां जुटायी हैं और रकम के स्रोत तथा इस्तेमाल की जांच कर रही है। संगठन में नौकरी के नाम पर सिक्यूरिटी मनी लेने का भी आरोप है। जानकारी के अनुसार, विष्णु नामक कर्मचारी ने करीब ढाई लाख रुपये देकर नौकरी हासिल की थी और विभिन्न योजनाओं में करीब 27 लाख रुपये जमा कराये थे। आरोप है कि उस पर लोन लेकर वाहन खरीदने वाले लोगों को संगठन से जोड़ने का दबाव बनाया जाता था।


जांच में आरएसओजी से जुड़ी कंपनियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा की प्रमुख भूमिका होने की बात सामने आयी है। पुलिस को उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने की जानकारी है और बताया जा रहा है कि दीपक समेत कई निदेशकों के मोबाइल बंद हैं। डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने बताया कि दीपक कुमार शर्मा को फिलहाल मुख्य अभियुक्त चिह्नित किया गया है। पुलिस उसकी तलाश के साथ वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपों की जांच कर रही है।


