मतदाता सूची में नाम जोड़ने के 7,75,527 आवेदन डिजिटाइज, 31 अक्तूबर तक मिलेगा मौका

रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अब तक फॉर्म-6 के 7,75,527 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के 5,10,221 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 17,764 आवेदन और आपत्तियां दर्ज की गई हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित आवेदन करने के लिए 31 अक्तूबर तक का समय निर्धारित है।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के कार्यालय से 11 अक्तूबर को जारी एसआईआर बुलेटिन के अनुसार, 10 अक्तूबर को एक दिन में फॉर्म-6 के 12,571 आवेदन डिजिटाइज किए गए। इसी दिन फॉर्म-8 के 5,184 और फॉर्म-7 के 541 आवेदन डिजिटाइज हुए। प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए के तहत अब तक 117 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं। हालांकि, 10 अक्टूबर को इस श्रेणी में कोई नया आवेदन डिजिटाइज नहीं हुआ।
निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में सुधार कराने के लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकता है। नए मतदाताओं को फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं को फॉर्म-6ए, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार तथा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। झारखंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।


