रिटायर प्रोफेसर के घर घुसे पांच नकाबपोश, शोर मचाने पर भागे, CCTV में कैद हुई वारदात



देवघर : नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन में रिटायर प्रोफेसर डॉ केशव राय के घर देर रात चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। पांच नकाबपोश संदिग्ध घर में घुसकर अंदर का एक दरवाजा तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। दरवाजे पर धक्का देने की आवाज सुनकर डॉ केशव राय की नींद खुल गयी। उन्होंने शोर मचाया तो सभी संदिग्ध मौके से फरार हो गये। घटना की जानकारी दूसरे स्रोत से मिलने के बाद नगर थाना पुलिस उनके घर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्ध दिखाई दिये हैं। सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था और हाफ पैंट पहने हुए थे। फुटेज के अनुसार, संदिग्ध रात 1:53 बजे घर में दाखिल हुए और 2:15 बजे वहां से भाग निकले। इस दौरान वे घर के अंदर का एक दरवाजा तोड़ने का प्रयास करते नजर आये। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि इसी साल आठ फरवरी को भी डॉ केशव राय के घर चोरी की कोशिश हुई थी। हालांकि, उस समय उन्होंने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी थी। ताजा घटना को लेकर भी समाचार लिखे जाने तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली थी। इसके बावजूद नगर थाना पुलिस दूसरे स्रोत से मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


