75 फीट से ऊंचे रावण के पुतले की तैयारी तेज, एसपी ने मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा स्थित स्वर्गीय एसकेजी फुटबॉल मैदान में दशहरा के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मैदान में विशाल रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी रात में मैदान पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधिकारी और हथियारबंद जवान भी मौजूद थे। मैदान में रावण के सुनहरे रंग के विशाल पुतले को जेसीबी की मदद से खड़ा किया गया है, जबकि मुकुट वाला सिर पुतले पर लगाया जाना बाकी है। तैयारियों को देखने के लिए रात में भी सैकड़ों ग्रामीण मैदान में जुटे थे।

निरीक्षण के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियरी ने आयोजन समिति के अध्यक्ष लालबाबू महतो से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। लालबाबू महतो ने बताया कि इस वर्ष 75 फीट से ऊंचा रावण का पुतला बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांड्रा का रावण दहन कार्यक्रम पूरे कोल्हान में प्रमुख स्थान रखता है और पिछले साल इसमें लगभग 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे। उन्होंने इस बार भी दशहरे की शाम बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई।
एसपी ने मैदान का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है।


