टाटानगर स्टेशन के पास किन्नरों के विवाद पर पुलिस सख्त, गश्त बढ़ाकर समूहों को हटाने की कार्रवाई

जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन के आसपास किन्नरों के समूहों के बीच लगातार विवाद को देखते हुए पुलिस और आरपीएफ ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक महीने में इलाके में वर्चस्व को लेकर मारपीट की दो घटनाएं हो चुकी हैं। 5 सितंबर की घटना के बाद बागबेड़ा और जुगसलाई पुलिस के साथ आरपीएफ भी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। स्टेशन चौक और चाईबासा बस स्टैंड के पास समूहों के पहुंचने पर सुरक्षा जवान उन्हें वहां से हटा रहे हैं, ताकि गुटीय संघर्ष की स्थिति न बने।


आरपीएफ किन्नरों को स्टेशन के अंदर प्रवेश नहीं करने दे रही है, जबकि स्टेशन के बाहर स्थानीय पुलिस सतर्क है। खबर के अनुसार, किन्नरों के समूह जुगसलाई पार्क, निर्माणाधीन पार्किंग, चाईबासा बस स्टैंड के पास की गली और स्टेशन चौक पर एकत्रित होते हैं। वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा है। स्टेशन क्षेत्र में उनकी अड्डेबाजी की शिकायतें स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे तक भी पहुंची हैं।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने स्टेशन के आसपास अनावश्यक भीड़ पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके बाद अंधेरा होने पर स्टेशन चौक से चाईबासा बस स्टैंड तक पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का प्रयास दोनों पक्षों को क्षेत्र से हटाकर विवाद की स्थिति रोकने और यात्रियों को परेशानी से बचाते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने का है।


