प्रकाश नगर में जुए के अड्डे पर छापेमारी, 15 गिरफ्तार; 7 लाख रुपये बरामद

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर स्थित प्रीतपाल के घर में जुआ खेला जा रहा था। देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब 7 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा जुए से जुड़े हिसाब-किताब के रजिस्टर, ताश के पत्ते और बोर्ड भी जब्त किए गए हैं।


बताया जा रहा है कि प्रकाश नगर में पिछले कई महीनों से जुआ खेलने का सिलसिला चल रहा था। जुआ खेलने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचते थे। इनमें कदमा, सोनारी और परसुडीह समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। छापेमारी के दौरान पुलिस को दो से तीन रजिस्टर और जुए में इस्तेमाल होने वाले बोर्ड भी मिले हैं।
पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। बरामद नकदी, रजिस्टर और अन्य सामान से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।


