बड़ी वारदात की साजिश रच रहे युवक पर पुलिस की कार्रवाई, अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद






धनबाद : गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 जुलाई की शाम हीरक रोड आठ लेन सड़क के पास भूगुटांड़ स्थित एक बंद मकान के नजदीक छापेमारी कर बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहे दो युवकों को पकड़ने की कोशिश की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। इस दौरान गिर जाने से मोनू कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामले की जानकारी डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने प्रेस वार्ता में दी।


तलाशी के दौरान मोनू कुमार यादव के पास से “MADE IN USA” अंकित एक अवैध लोडेड पिस्तौल और उसकी मैगजीन से KF 7.65 के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने अपने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोनू वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


