MGM इमरजेंसी में हड़कंप, सभी बेड फुल होने से मरीजों की बढ़ी परेशानी






जमशेदपुर :मौसम में बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने से एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में दबाव बढ़ गया है। मंगलवार को स्थिति यह रही कि इमरजेंसी वार्ड के सभी बेड और स्ट्रेचर मरीजों से भर गए। मरीजों की बढ़ती भीड़ के कारण डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


अस्पताल में सबसे अधिक मरीज मलेरिया, तेज बुखार और बदन दर्द जैसी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। बच्चों में वायरल फीवर के मामले भी बढ़ रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों को अलर्ट रहने और जिन मरीजों की स्थिति सामान्य हो रही है, उन्हें संबंधित वार्ड में शिफ्ट करने का निर्देश दिया है, ताकि इमरजेंसी में नए मरीजों के लिए जगह बनाई जा सके।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि बढ़ते मरीजों को देखते हुए जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही इमरजेंसी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.


