CM के भरोसे के बाद भी नहीं माने छात्र, 5 मांगों पर अड़े; 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव






रांची : स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार का भरोसा दिया, लेकिन JPSC-JSSC आंदोलनकारी छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। छात्रों का कहना है कि 22 दिन से आंदोलन चल रहा है, फिर भी उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस फैसला नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर, तकनीकी रूप से सुरक्षित परीक्षा प्रणाली और युवाओं की मेहनत को किसी माफिया या भ्रष्ट तंत्र के भरोसे नहीं छोड़ने की बात कही थी। इसके बावजूद छात्रों का कहना है कि केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं है।


आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में 11वीं से 13वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करना तथा पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार पहले ही 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन छात्र इससे आगे की परीक्षाओं को लेकर भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरने का ऐलान किया है। इससे पहले 16 अगस्त को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन करने का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। रांची में यह कार्यक्रम अलबर्ट एक्का चौक पर प्रस्तावित है। छात्रों का कहना है कि भविष्य में सुधार के वादे के साथ मौजूदा परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर भी स्पष्ट और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।


