ट्रेन की छत पर चढ़ते ही मचा हड़कंप, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर युवक झुलसा



जमशेदपुर :टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को करीब 40 वर्षीय युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया, जिसके बाद ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है। उसे तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, सागु राम कटिहार-टाटा ट्रेन से टाटानगर स्टेशन पहुंचा था। ट्रेन से उतरने के बाद वह पास में खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन की छत पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से घायल हो गया। रेलवे कर्मचारियों ने घटना के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ने और हाईटेंशन तार की चपेट में आने की ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। रेलवे यात्रियों को लगातार चेतावनी देता रहा है कि ट्रेन की छत पर चढ़ना बेहद खतरनाक है। ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के सीधे संपर्क के बिना भी उसकी चपेट में आने से जान जा सकती है। इसके बावजूद ऐसी लापरवाही रेलवे प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।




