JPSC-JSSC परीक्षा सुधार की मांग पर प्रदर्शन, छात्र नेता की शिकायत पर NHRC ने एसएसपी से मांगी रिपोर्ट

धनबाद : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों की शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। छात्र नेता चंडी तिवारी की शिकायत पर आयोग ने धनबाद के एसएसपी को नोटिस जारी कर आरोपों की जांच करने और दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। आयोग की पीठ ने मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत यह कार्रवाई की है।

चंडी तिवारी ने आयोग को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के दौरान उन्हें कथित तौर पर पुलिस की ओर से परेशान किया गया। शिकायत के अनुसार, प्रदर्शन के बाद रात करीब 12:30 बजे पुलिस के दो वाहन उनके घर पहुंचे। उनका दावा है कि इस घटना से परिवार के सदस्यों में डर और मानसिक परेशानी पैदा हुई।
छात्र नेता ने अपने और अन्य छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर भी चिंता जताई है। उन्होंने आयोग से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने धनबाद के एसएसपी से जांच रिपोर्ट तलब की है। पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।


