पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार ने भरा नामांकन, अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे अनंत सिंह

पटना : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार ने 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस सीट पर जनसुराज ने अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। JDU विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करते हुए अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे और अनुज सिंह के पक्ष में चुनावी गतिविधियों में शामिल रहेंगे।


नामांकन से पहले नीरज कुमार ने चुनावी तैयारियों और अनंत सिंह के विरोध पर कहा कि JDU के कार्यकर्ता चुनाव के लिए खुद तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार का आशीर्वाद मिला हुआ है और निशांत कुमार ने प्रचार शुरू कर दिया है। नीरज कुमार के मुताबिक मुकाबला शानदार और जानदार होगा। वहीं अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पिछले चार चुनावों में उनके खिलाफ काम किया। उन्होंने नीरज कुमार पर उन्हें AK-47 और दुलारचंद हत्याकांड में फंसाने का भी आरोप लगाया है।
नीरज कुमार के नामांकन के साथ उनकी उम्मीदवारी औपचारिक रूप से सामने आ गई है, जबकि अनंत सिंह का विरोध जारी है। एक तरफ JDU के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार मैदान में हैं, वहीं दूसरी तरफ JDU विधायक अनंत सिंह उनके मुकाबले जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।


