पातकुम पुलिया के नीचे मिली लाश का खुलासा, दोस्त बने कातिल, तीन गिरफ्तार


Saraikela: सरायकेला-खरसावाँ जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पातकुम पुलिया के नीचे करकरी नदी से 14 मार्च 2026 को बरामद युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मृतक की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबहिनी निवासी सूरज यादव उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई थी. इस मामले में मृतक के पिता राम सुरेश राय के लिखित आवेदन पर ईचागढ़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों—सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी—को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से सूरज यादव की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से पुलिया के नीचे नदी में फेंकने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मृतक का टेम्पो (JH05EB 4830), मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. इस कार्रवाई में एसडीपीओ अरविंद कुमार बिन्हा, थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.



