कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन से की मुलाकात, जमशेदपुर के विकास पर रखे प्रस्ताव

जमशेदपुर : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से मुलाकात कर जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना और शहर से बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विकल्पों को लेकर प्रबंधन के समक्ष प्रस्ताव रखे।

मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड सहित टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या उठायी। उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा, भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय में व्यावहारिक बदलाव और भविष्य में अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का सुझाव दिया। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर उन्होंने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की देशभर में गैर-लाभकारी अस्पताल खोलने की योजना का उल्लेख करते हुए पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नॉट-फॉर-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया, ताकि जरूरतमंदों को सस्ता या निःशुल्क इलाज मिल सके।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के संबंध में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पूछे गये 19 पर्यावरणीय और वन्यजीव संबंधी सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए भेज दिये गये हैं। उन्होंने परियोजना के निर्माण में टाटा समूह से सहयोग मांगा। इसके अलावा सरायकेला जिले की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम के शहर से बाहर स्थापित होने वाले उद्योगों को जेबीवीएनएल के साथ टाटा पावर या जुस्को से भी बिजली आपूर्ति का विकल्प देने पर चर्चा हुई। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार औद्योगिक निवेश और टाटा समूह की जनहितकारी पहलों में सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर है।


