घाटशिला बनेगा स्पोर्ट्स हब, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

घाटशिला : घाटशिला को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने की तैयारी है। इसे स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा और विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसकी घोषणा विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय (जेसी हाई स्कूल) के 99वें वार्षिकोत्सव समारोह में की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में जल्द ही स्थानीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि अगले वर्ष राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता करायी जाएगी।


विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी और प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्चना रानी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय के बेहतर संचालन और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की। साथ ही विद्यालय की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान तापस चटर्जी ने बताया कि विद्यालय के कक्षा एक से चार तक के प्राथमिक खंड को करीब 99 वर्षों बाद भी सरकारी मान्यता नहीं मिली है। इसके कारण विद्यार्थी सरकारी सुविधाओं और लाभ से वंचित हैं। उन्होंने बांग्ला पुस्तकों की अनुपलब्धता और बांग्ला व संथाली भाषा के शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया।
समस्याओं के समाधान के लिए विधायक को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर प्राथमिक खंड को सरकारी मान्यता देने तथा बांग्ला और संथाली शिक्षकों के नये पद सृजित करने की मांग की गयी। जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने बताया कि विद्यालय की जमीन जिला परिषद के अंतर्गत है और प्राथमिक खंड की मान्यता के लिए भूमि आवंटन प्रमाणपत्र जरूरी है। उन्होंने इस प्रक्रिया में प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया। समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापिका अर्चना रानी शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। अंत में दोनों शैक्षणिक सत्रों के विषयवार टॉपर्स और कक्षा आठवीं से दसवीं तक के ऑलराउंडर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पार्थ प्रतिम घोष और अर्पिता राय ने किया।


