“मोदी जी बने महंगाई ‘मैन’”: कांग्रेस का केंद्र पर तीखा हमला, महंगाई का चाबुक चलाने का आरोप


जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि आज देश की आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है, लेकिन केंद्र सरकार केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति में व्यस्त है। पेट्रोल, डीजल एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों एवं गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। रसोई से लेकर बाजार तक हर वस्तु महंगी हो चुकी है, जिसके कारण जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की बेतहाशा मूल्य वृद्धि के कारण परिवहन खर्च बढ़ा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ा है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने होटल, ढाबा, छोटे दुकानदार एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को भारी आर्थिक संकट में डाल दिया है। मोदी सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है, जबकि आम जनता को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट के बीच संघर्ष करने के लिए छोड़ दिया गया है। देश की जनता आज पूछ रही है कि आखिर “अच्छे दिन” का वादा कहां गया। जनता का विश्वास लगातार मोदी सरकार से उठता जा रहा है।
परविंदर सिंह ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह असफल साबित हुई है। विश्व के विभिन्न देशों के बीच बढ़ते युद्ध, तनाव और अशांति के माहौल में भारत की भूमिका कमजोर और निष्क्रिय दिखाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व शांति स्थापित करने एवं युद्धग्रस्त देशों के बीच सकारात्मक पहल करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर केवल भाषण देने से शांति स्थापित नहीं होती, बल्कि मजबूत कूटनीतिक पहल की आवश्यकता होती है, जिसमें वर्तमान केंद्र सरकार असफल रही है।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध और अशांति की भयावह परिस्थितियों से गुजर रही है, लेकिन भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश की ओर से शांति स्थापित करने के लिए कोई प्रभावी नेतृत्व देखने को नहीं मिला। मोदी सरकार का योगदान नगण्य रहा है, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी भर्त्सना करती है।
अंत में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लगातार सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी और महंगाई, बेरोजगारी तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।



