आरआईटी थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव! दो कंपनियों में लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल, आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 में दो कंपनियों को बनाया निशाना, मोटर-केबल से लेकर मोबाइल और उपकरण तक ले उड़े चोर

आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में चोरों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फेज-1 स्थित दो कंपनियों में लाखों रुपये के सामान की चोरी की घटना सामने आने के बाद उद्यमियों में चिंता और नाराजगी है। मामले को लेकर सिंहभूम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सिया) के अध्यक्ष संतोष सिंह और महासचिव उदय सिंह के नेतृत्व में कंपनियों के मालिक व अन्य उद्यमी आरआईटी थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी रविकांत पराशर से मुलाकात कर दोनों घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी और जल्द कार्रवाई की मांग की। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, पारा माउंट ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड से बिजली के मोटर, ग्राइंडर, तार और केबल समेत लाखों रुपये के सामान की चोरी हुई है।


वहीं, इसी क्षेत्र की यूनिक मेटल कंपनी से चार कर्मचारियों के मोबाइल फोन, वोल्टमीटर और माइक्रोमीटर सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए। दोनों कंपनियों में चोरी की घटनाओं के दृश्य सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पारा माउंट ऑटोमेशन में हुई चोरी के मामले में तीन पूर्व कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। एक ही औद्योगिक क्षेत्र में दो कंपनियों को निशाना बनाए जाने से उद्यमियों की चिंता बढ़ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कितनी जल्द संदिग्धों तक पहुंचती है और चोरी गए सामान की बरामदगी कर पाती है या नहीं।


