एमजीएम अस्पताल के 12 सीसीटीवी कैमरों की दिल्ली से होगी निगरानी, एनएमसी ने मांगा पासवर्ड

जमशेदपुर : महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की गतिविधियों पर अब नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) नयी दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय से सीधे निगरानी कर सकेगा। इसके लिए आयोग ने अस्पताल के 12 प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का ब्योरा और पासवर्ड मांगा है। इस व्यवस्था के माध्यम से डॉक्टरों और कर्मचारियों की ड्यूटी के साथ मरीजों की आवाजाही तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर नजर रखी जायेगी। एनएमसी के निर्देश के बाद अस्पताल प्रबंधन ने चिह्नित कैमरों को दुरुस्त करने और इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।


एनएमसी की निगरानी व्यवस्था में अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार, रजिस्ट्रेशन काउंटर, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी परिसर, आइसीयू और पीआइसीयू सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। लाइव सीसीटीवी फीड से मरीजों की कतार, रजिस्ट्रेशन काउंटर खुलने का समय और इमरजेंसी में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। अस्पताल में डॉक्टरों के ओपीडी से अनुपस्थित रहने और इमरजेंसी में समय पर अटेंडेंट नहीं मिलने की शिकायतों की भी जांच हो सकेगी। हालांकि, किसी डॉक्टर या कर्मचारी की अनुपस्थिति की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ ड्यूटी रोस्टर और अटेंडेंस रजिस्टर का मिलान किया जायेगा। लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।
एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि एनएमसी ने अस्पताल के 12 महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड उपलब्ध कराने को कहा है। इसके लिए संबंधित तकनीकी कर्मचारियों को जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस नई निगरानी व्यवस्था से अस्पताल के कामकाज में सुधार होने के साथ पारदर्शिता बढ़ेगी और डॉक्टरों तथा कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।


