योग से शांति का संदेश, 3 स्वदेशी युद्धपोतों से बढ़ी ताकत; पीएम मोदी का बड़ा संदेश






कोलकाता :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लेते हुए योग को स्वास्थ्य, संतुलन और वैश्विक शांति का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाती है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही।


प्रधानमंत्री ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की और कहा कि यह दुनिया को जोड़ने की शक्ति रखता है। अपने संबोधन में उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर और महर्षि अरविंद के विचारों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में भारतीय नौसेना को तीन स्वदेशी पोत—आईएनएस अग्रय, आईएनएस दूनागिरि और आईएनएस संशोधक—समर्पित किए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत समुद्री शक्ति और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन देश की सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रभाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब केवल रक्षा उपकरणों का खरीदार नहीं रहना चाहता, बल्कि स्वदेशी निर्माण क्षमता को लगातार मजबूत कर रहा है।


