गोलगप्पा विक्रेता पर चाकू से हमला कर लूट, बालक समेत दो गिरफ्तार; रुपये और हथियार बरामद
Oplus_16908288

जमशेदपुर : बागबेड़ा पुलिस ने गोलगप्पा विक्रेता पर हमला कर रुपये छीनने के मामले में एक बालक समेत दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से 1200 रुपये और एक धारदार चाकू भी बरामद किया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे आकाश कुमार बागबेड़ा के गाढ़ाबासा इलाके से गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपये की मांग करने लगे।


आरोप है कि आकाश ने रुपये देने से इनकार किया तो उस पर चाकू से हमला कर दिया गया और उसकी जेब से करीब 1700 रुपये छीनकर आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया, जहां से दो आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 1200 रुपये और घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तीसरे आरोपी की भूमिका और उसके बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


