फलक इंडस्ट्री में भीषण आग से मची अफरातफरी, पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची लपटें; टला बड़ा हादसा



बहरागोड़ा : एनएच-49 किनारे छोटा अर्जुना स्थित फलक इंडस्ट्री फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग तकनीकी खराबी की वजह से लगी बतायी जा रही है। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उस समय अंदर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचायी। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कंपनी एनएच-49 के किनारे होने के कारण पुलिस भी वहां पहुंची और हाईवे पर यातायात को नियंत्रित किया।


कंपनी से करीब 50 मीटर की दूरी पर इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप है। राहत की बात रही कि आग की लपटें पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सुरक्षा मानकों, अग्निशमन इंतजाम और एनएच किनारे इकाई के संचालन से जुड़े नियमों की जांच कराने की मांग की है। कंपनी के कर्मचारियों ने आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं बताया। बताया गया कि फलक इंडस्ट्री में करीब 20 कर्मचारी काम करते हैं।


