चांडिल थाना से महज 100 मीटर दूर पूर्व आभूषण कारोबारी के घर डकैती, परिवार को बंधक बनाकर जेवरात ले गए नकाबपोश अपराधी
Oplus_16908288

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चांडिल थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर बस स्टैंड के समीप रहने वाले पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर बीती देर रात 7 से 8 नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच की है। अपराधी चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को हथियार दिखाकर डराया। इसके बाद पूरे परिवार को बंधक बनाकर घर के कमरों की तलाशी ली गई।


पीड़ित परिवार के अनुसार, अपराधियों के पास बंदूक और धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही परिवार के सदस्यों को काबू में कर लिया गया और उन्हें विरोध नहीं करने की धमकी दी गई। इसके बाद अपराधियों ने कमरों को खंगालते हुए घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट लिए और मौके से फरार हो गए। सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी ने बताया कि उनके पिता पहले चांडिल बाजार में आभूषण का कारोबार करते थे। कुछ वर्ष पहले व्यवसाय बंद कर दिया गया था, लेकिन परिवार के कुछ आभूषण घर में ही सुरक्षित रखे गए थे।
वारदात की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद एक स्थानीय पत्रकार प्रकाश कुमार ने ईमानदारी की मिसाल भी पेश की। वारदात के बाद इलाके से गुजरने के दौरान उन्हें सड़क पर सोने की एक चेन मिली, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई। उन्होंने बिना किसी देरी के यह चेन पीड़ित परिवार के सदस्य उमंग चौधरी को सौंप दी। परिवार ने इसके लिए उनका आभार जताया।


