दुर्गा पूजा को लेकर JBVNL ने जारी किया अस्थायी बिजली कनेक्शन का रेट चार्ट, बिना मीटर नहीं मिलेगी बिजली

जमशेदपुर : पूजा 2026 को लेकर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जमशेदपुर ने पूजा पंडालों और अन्य आयोजनों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन का नया रेट चार्ट जारी किया है। इसके तहत पांच दिनों के अस्थायी कनेक्शन के लिए घरेलू और गैर-घरेलू श्रेणी में अलग-अलग निर्धारित शुल्क तय किए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना मीटर के किसी भी आयोजन के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।


घरेलू श्रेणी में पांच दिनों के अस्थायी कनेक्शन के लिए 1 किलोवाट पर 2,587 रुपये, 2 किलोवाट पर 3,999 रुपये, 3 किलोवाट पर 5,411 रुपये, 4 किलोवाट पर 6,823 रुपये और 5 किलोवाट पर 8,235 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह 6 किलोवाट के लिए 10,379 रुपये, 7 किलोवाट के लिए 11,790 रुपये, 8 किलोवाट के लिए 13,202 रुपये, 9 किलोवाट के लिए 14,614 रुपये और 10 किलोवाट के लिए 16,026 रुपये का शुल्क तय किया गया है।
गैर-घरेलू श्रेणी में 1 किलोवाट के लिए 2,643 रुपये, 2 किलोवाट के लिए 4,336 रुपये, 3 किलोवाट के लिए 6,029 रुपये, 4 किलोवाट के लिए 7,721 रुपये और 5 किलोवाट के लिए 9,414 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं 6 किलोवाट के लिए 11,839 रुपये, 7 किलोवाट के लिए 13,532 रुपये, 8 किलोवाट के लिए 15,225 रुपये, 9 किलोवाट के लिए 16,918 रुपये और 10 किलोवाट के लिए 18,610 रुपये शुल्क देना होगा।
बिजली निगम की ओर से 24 सितंबर 2026 को जारी इस रेट चार्ट में आवेदन शुल्क, मीटर शुल्क, सेवा शुल्क और अग्रिम ऊर्जा शुल्क का भी प्रावधान किया गया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आयोजन के लिए बिना मीटर के अस्थायी बिजली आपूर्ति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति शुरू करने से पहले निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा।
निर्देश के अनुसार, उपभोक्ता द्वारा जमा की गई अग्रिम सुरक्षा राशि का समायोजन अंतिम मीटर रीडिंग के आधार पर निर्धारित बिजली शुल्क में किया जाएगा। पूजा समितियों और अन्य आयोजकों को सलाह दी गई है कि अस्थायी कनेक्शन लेने से पहले निर्धारित शुल्क, आवश्यक दस्तावेज और अन्य औपचारिकताओं की पूरी जानकारी संबंधित विद्युत कार्यालय से प्राप्त कर लें।
यह रेट चार्ट विद्युत महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता, विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, जमशेदपुर की ओर से जारी किया गया है। दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में पूजा पंडालों में अस्थायी बिजली कनेक्शन लिए जाते हैं। ऐसे में निगम ने सुरक्षित और नियमबद्ध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मीटर आधारित कनेक्शन को अनिवार्य किया है।


