बहन की हड्डियां कंधे पर लेकर बैंक पहुंचा युवक, सिस्टम पर उठे बड़े सवाल


ओडिशा : राज्य के क्योंझर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपनी मृत बहन की हड्डियां कंधे पर लेकर बैंक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक करीब 3 किलोमीटर तक तेज धूप में अपनी बहन के कंकाल को उठाकर बैंक तक गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग हैरान रह गए।

जानकारी के अनुसार, युवक जीतू मुंडा अपनी बहन के खाते से करीब 19,300 रुपये निकालना चाहता था। लेकिन बैंक प्रबंधन ने उसे राशि निकालने के लिए जरूरी दस्तावेज, जैसे मृत्यु प्रमाण पत्र या कानूनी वारिस होने का प्रमाण देने को कहा। युवक के पास ये कागजात नहीं थे और वह इस प्रक्रिया को समझ भी नहीं पा रहा था, जिसके कारण उसे बार-बार बैंक से लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि निराश होकर युवक गांव के श्मशान पहुंचा, जहां से उसने अपनी बहन के अवशेष निकाले और उन्हें कपड़े में लपेटकर बैंक पहुंच गया, ताकि यह साबित कर सके कि उसकी बहन अब जीवित नहीं है। बैंक पहुंचते ही यह दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए, वहीं कुछ लोगों ने इस घटना को मानवता के लिए शर्मनाक बताया और सिस्टम पर सवाल उठाए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने मामले को संवेदनशील बताते हुए मदद का आश्वासन दिया है। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग प्रक्रिया, जागरूकता और मानवीय दृष्टिकोण को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।


