वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-सुधारने का मौका, आज और कल लगेगा अंतिम SIR कैंप






जमशेदपुर : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत 22 और 23 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर लगाया जाएगा। दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, पता बदलने और अन्य संशोधन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी होने वाली है, फॉर्म 6 और आवश्यक घोषणा पत्र के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं।जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या जिनका मौजूदा बूथ घर से दूर है, वे फॉर्म 8 के जरिए बदलाव करा सकते हैं। इसके माध्यम से नाम को नजदीकी मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। विशेष शिविर में नहीं पहुंच पाने वाले नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।


ऑनलाइन आवेदन के लिए चुनाव आयोग के वोटर पोर्टल या ECINET App का इस्तेमाल किया जा सकता है। मतदाताओं की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 18003311950 और Voter Helpline 1950 भी उपलब्ध है। हालांकि यह अंतिम विशेष कैंप है, मतदाता सूची से जुड़े दावा-आपत्ति, नाम जोड़ने और सुधार की प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी।


